क्षेत्रीय मौसम विज्ञान केंद्र, गुवाहाटी की हिंदी गृह पत्रिका के प्रथम संस्करण ‘नीलाचल’ का विमोचन

गुवाहाटी। संसदीय राजभाषा समिति की दूसरी उप-समिति द्वारा हाल ही में नई दिल्ली स्थित भारत मौसम विज्ञान विभाग का निरीक्षण किया गया। इस अवसर पर समिति द्वारा क्षेत्रीय मौसम विज्ञान केंद्र, गुवाहाटी की हिंदी गृह पत्रिका के प्रथम संस्करण ‘नीलाचल’ का भी विमोचन किया गया।

नीलाचल का विमाेचन करते माननीय सांसदगण

क्षेत्रीय मौसम विज्ञान केंद्र गुवाहाटी के डॉ. संजय ओनील शॉ के संपादन में प्रकाशित नीलाचल में अजय कुमार मौर्य, अशरफ अली खान, अंकित कुमार, सोनू कुमार, आशिष कुमार, कुमार राम, राकेश कुमार, चंदन कुमार भुँया, मिंटू शर्मा, डॉ. संजय ओनिल शॉ, हॢषत गोयल, शंकर चंद्र साहा, शत्रुघ्न तिवारी, सूर्य कुमार बनर्जी आदि मौसम विभाग के उच्च स्तरीय अधिकारियों के आलेख प्रकाशित किये गये हैं।

पत्रिका में मौसम विभाग की पूर्वोत्तर क्षेत्र में चल रही गतिविधियों का भी विस्तार से वर्णन किया गया है।

क्षेत्रीय मौसम विज्ञान केंद्र, गुवाहाटी के प्रमुख डॉ. संजय ओनील शॉ और उनकी टीम को हार्दिक बधाई देते हुए भारत मौसम विज्ञान विभाग के निदेशक डॉ. मृत्युंजय महापात्र ने अपने संदेश में कहा कि ‘ग’ क्षेत्र के हमारे पूर्वोत्तर भारत के कार्यालय से भी हिंदी पत्रिका का प्रकाशन होने लगा है, यह हमारे लिए गर्व की बात है।

राजभाषा हिंदी के प्रचार-प्रसार में ‘ग’ क्षेत्र का यह कार्यालय भी अपना पूरा योगदान दे रहा है, अच्छा काम हो रहा है।

अपने संपादकीय में क्षेत्रीय मौसम विज्ञान केंद्र, गुवाहाटी के प्रमुख डॉ. संजय ओनील शॉ ने लिखा है कि भारत के उत्तर-पूर्व क्षेत्र में लोगों को हिंदी से अपार प्रेम है। उन्होंने लिखा है कि हाल के वर्षों में क्षेत्रीय मौसम विज्ञान केंद्र, गुवाहाटी एवं इससे संबद्ध कार्यालयों में हिंदी से सम्बन्धित गतिविधियों में वृद्धि हुई है, जो क्षेत्र में राष्ट्रीयता की भावना को बढ़ाने में बहुत ही मददगार साबित होगी।